Monday, December 17, 2018

जीत के लिए भारत को 175 रन और चाहिए, पांच विकेट आउट होना बाकी

पर्थ में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरी पारी में पांच विकेट पर 112 रन बना लिए हैं। टेस्ट जीतने के लिए उसे 175 रन और बनाने होंगे। हनुमा विहारी 24 और ऋषभ पंत 9 रन बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 243 रन पर ऑलआउट हुई। उसने पहली पारी में भारत के खिलाफ 43 रन की लीड ली थी। इस तरह उसकी कुल बढ़त 286 रन हो गई और भारत को जीतने के लिए 287 रन का लक्ष्य मिला। भारत के लिए दूसरी पारी में मोहम्मद शमी ने छह विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत दूसरी पारी में खराब रही। मिशेल स्टार्क ने लोकेश राहुल को पहले ही ओवर में पवेलियन का रास्ता दिखाया। उसके बाद चौथे ओवर में जोश हेजलवुड ने चेतेश्वर पुजारा को आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। इन दोनों के बाद कप्तान विराट कोहली, मुरली विजय और अजिंक्य रहाणे भी पवेलियन लौट गए। इससे भारत के जीतने की संभावनाओं को झटका लगा। पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अपनी टीम का पलड़ा भारी कर दिया है।

पहला विकेट: मिशेल स्टार्क ने भारत को पहले ही ओवर में झटका दिया। उन्होंने चौथी गेंद पर लोकेश राहुल को बोल्ड कर दिया। राहुल पहली पारी में भी कुछ खास नहीं कर पाए थे और दो रन बनाकर आउट हो गए थे।
दूसरा विकेट: जोश हेजलवुड ने चौथे ओवर में भारत को दूसरा झटका दिया। उन्होंने पांचवीं गेंद पर चेतेश्वर पुजारा को विकेटकीपर टिम पेन के हाथों कैच आउट कराया। पुजारा ने 11 गेंद में 4 रन बनाए। 

तीसरा विकेट: ऑस्ट्रेलिया को सबसे बड़ी सफलता 20वें ओवर में मिली। स्पिनर नॉथन लियोन ने कप्तान विराट कोहली को आउट कर दिया। कोहली ने टर्न के लिए गेंद को खेला, लेकिन गेंद स्पिन नहीं हुई। उनके बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर गेंद स्लिप में चली गई, जहां ख्वाजा ने कैच पकड़ लिया। कोहली ने 40 गेंद में 17 रन बनाए।

चौथा विकेट: कोहली के आउट होने के बाद मुरली विजय भी चलते बने। विजय को भी लियोन ने ही आउट किया। उन्हों 22वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लियोन ने बोल्ड कर दिया। लियोन का मैच में यह सातवां विकेट है। विजय ने 67 गेंद में 20 रन बनाए।

पांचवां विकेट: हेजलवुड ने 36वें ओवर में अजिंक्य रहाणे को आउट कर दिया। रहाणे क्रीज पर जम चुके थे। ऐसा लग रहा था कि वे भारत को मजबूत स्थिति में ले जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने प्वाइंट पर ट्रैविस हेड को कैच थमा दिया। रहाणे ने 47 गेंद में 30 रन बनाए।

उस्मान ख्वाजा का अर्धशतक
चौथे दिन पहले सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में मजबूत शुरुआत की। तीसरे दिन के नॉट आउट बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और टिम पेन ने मिलकर आज 58 रन बनाए। ख्वाजा ने करियर का 15वां अर्धशतक लगाया। मैच के दौरान एक बार भारतीय कप्तान विराट कोहली ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पेन से उलझ गए। इसके बाद अंपायरों ने बीच-बचाव किया।

पांचवां विकेट: चौथे दिन मोहम्मद शमी ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने पारी के 79वें ओवर में टिम पेन को आउट कर दिया। पेन 116 गेंद में 37 रन बनाकर कोहली को कैच थमा बैठे। उन्होंने ख्वाजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। पेन ने पहली पारी में 38 रन बनाए थे।

छठा विकेट: शमी ने पेन के बाद अगली ही गेंद पर एरॉन फिंच को पवेलियन भेज दिया। फिंच पहले दिन 25 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए थे। उन्हें अंगुली में चोट लगी थी। फिंच ने शमी की गेंद पर लेग साइड में शॉट लगाना चाहा, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में चली गई। फिंच ने 31 गेंद की पारी में 25 रन बनाए।

No comments:

Post a Comment